नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) ट्रांसफार्मर उपकरण बनाने वाली कंपनी मंगल इलेक्ट्रिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड का शेयर कारोबार के पहले दिन बृहस्पतिवार 561 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले लगभग पांच प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।
बीएसई में शेयर निर्गम मूल्य से 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 558 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। कारोबार के दौरान, यह छह प्रतिशत टूटकर 527.30 रुपये पर पहुंच गया। बाद में यह 4.82 प्रतिशत की गिरावट के साथ 533.95 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ।
एनएसई में, शेयर की शुरुआत 0.89 प्रतिशत की गिरावट के साथ 556 रुपये पर हुई। अंत में यह 4.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 535.35 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ।
कंपनी का बाजार मूल्यांकन 1,475.31 करोड़ रुपये रहा।
मंगल इलेक्ट्रिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पिछले सप्ताह शुक्रवार को बोली के अंतिम दिन तक 9.46 गुना अभिदान प्राप्त हुआ।
आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए मूल्य दायरा 533-561 रुपये प्रति शेयर था।
नए निर्गम से प्राप्त राशि का उपयोग ऋण चुकाने, राजस्थान स्थित कंपनी की सुविधा का विस्तार करने और सामान्य कंपनी उद्देश्यों के लिए कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए किया जाएगा।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
