नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) महिंद्रा एंड महिंद्रा ने सोमवार को कहा कि वह अपनी कंबाइन हार्वेस्टर एवं वानिकी मशीन इकाई सैम्पो रोसेनल्यू ओय की बिक्री टेरा को 50 लाख यूरो में करने जा रही है।
महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड (एमएंडएम) ने शेयर बाजार को दी एक सूचना में कहा कि उसने टेरा यातिरिम टेक्नोलोजी होल्डिंग एनोनिम सिरकेटी (टेरा) के साथ एक शेयर खरीद समझौता (एसपीए) किया है।
इस समझौते के तहत एमएंडएम अपने पूर्ण-स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी सैम्पो रोसेनल्यू ओय में अपनी पूरी हिस्सेदारी बेचने पर सहमत हो गई है।
कंपनी को इस हिस्सेदारी बिक्री के एवज में टेरा से 50 लाख यूरो (लगभग 52 करोड़ रुपये) मिलेंगे। यह लेनदेन छह अक्टूबर, 2025 तक पूरा हो जाने की उम्मीद है।
एमएंडएम ने कहा कि उपरोक्त लेनदेन के पूरा होने के बाद फिनलैंड स्थित सैम्पो उसके पूर्ण-स्वामित्व वाली अनुषंगी नहीं रह जाएगी।
सैम्पो द्वारा विकसित कुछ तकनीकों ने एमएंडएम की कृषि मशीनरी क्षमताओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
