scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशअर्थजगतमहिंद्रा समूह, एम्ब्रेयर ने भारत में सैन्य परिवहन विमान पेश करने के लिए समझौता किया

महिंद्रा समूह, एम्ब्रेयर ने भारत में सैन्य परिवहन विमान पेश करने के लिए समझौता किया

Text Size:

नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (भाषा) महिंद्रा समूह ने शुक्रवार को कहा कि उसने भारत में सी-390 मिलेनियम सैन्य परिवहन विमान पेश करने के लिए एम्ब्रेयर डिफेंस एंड सिक्योरिटी के साथ एक समझौता किया है।

मुंबई स्थित महिंद्रा समूह ने एक बयान में कहा कि एम्ब्रेयर डिफेंस एंड सिक्योरिटी और महिंद्रा समूह ने भारतीय वायु सेना के मध्यम परिवहन विमान (एमटीए) कार्यक्रम के लिए सी-390 मिलेनियम समाधान विकसित करने के लिए एक रणनीतिक सहयोग समझौते (एससीए) पर हस्ताक्षर किए हैं।

यह समझौता नयी दिल्ली के एरोसिटी में एम्ब्रेयर के राष्ट्रीय कार्यालय के उद्घाटन के साथ हुआ।

यह समझौता फरवरी 2024 में नयी दिल्ली स्थित ब्राजील दूतावास में हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन पर आधारित है। यह समझौता संयुक्त विपणन, औद्योगीकरण और भारत को सी-390 मिलेनियम के केंद्र के रूप में विकसित करने में मददगार होगा।

इस समझौते पर हस्ताक्षर के बाद से, सी-390 मिलेनियम विमान ने वैश्विक स्तर पर अपने संचालक आधार को और बढ़ाया है।

बयान के मुताबिक एम्ब्रेयर और महिंद्रा समूह देश के हितधारकों के साथ मिलकर काम करेंगे और स्थानीय विनिर्माण, असेंबली सुविधाओं, आपूर्ति श्रृंखला और एमआरओ गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए करने के लिए भारत के सैन्य और एयरोस्पेस परिवेश से जुड़ेंगे।

महिंद्रा समूह के कार्यकारी बोर्ड के सदस्य विनोद सहाय ने कहा, ”एम्ब्रेयर के साथ अपने सहयोग को मजबूत करके, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि भारतीय वायुसेना के एमटीए अभियान के लिए सी-390 मिलेनियम न केवल भारत की सुरक्षा में योगदान देगा, बल्कि ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा देगा।”

एम्ब्रेयर डिफेंस एंड सिक्योरिटी के चेयरमैन और सीईओ बोस्को दा कोस्टा जूनियर ने कहा कि भारत का एयरोस्पेस उद्योग गतिशील और विश्वस्तरीय है, तथा साथ मिलकर कंपनी का लक्ष्य भारतीय वायु सेना को सबसे उन्नत और विश्वसनीय सैन्य परिवहन समाधान देना है।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments