scorecardresearch
Saturday, 21 February, 2026
होमदेशअर्थजगतमहाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने एआई सक्षम कृषि परिवेश की वकालत की

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने एआई सक्षम कृषि परिवेश की वकालत की

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वैश्विक निवेशकों से खेती के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) समाधानों को बढ़ाने में साझेदार बनने का शुक्रवार को आह्वान किया। साथ ही कहा कि उनका राज्य दुनिया के सबसे आधुनिक कृषि-नवाचार परिवेश में से एक बन रहा है।

‘एआई इम्पैक्ट सम्मेलन’ में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘ महाराष्ट्र आज वैश्विक स्तर पर कृषि-नवाचार के सबसे सशक्त एवं आकर्षक परिवेश में से एक पेश करता है।’’

फडणवीस ने कहा कि यहां 150 लाख हेक्टेयर खेती की जमीन, अलग-अलग तरह के कृषि जलवायु परिस्थिति, बड़े कृषि विश्वविद्यालय और एआई शोध केन्द्र, स्टार्टअप परिवेश, स्पष्ट नियामकीय ढांचा और निवेशकों के लिए एकल खिड़की सुविधा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस राज्य को चुनने से, साझेदार को दुनिया भर की अर्थव्यवस्था को जोड़ने, खद्य सुरक्षा एवं जलवायु सहिष्णुता के लिए मापन योग्य समाधान में निवेश करने का मौका मिलता है।

उन्होंने कहा, ‘‘ कृषि केवल एक आर्थिक क्षेत्र नहीं है, यह रोजी-रोटी, सामाजिक स्थिरता और राष्ट्रीय सुरक्षा है। भारत इसे बहुत गहराई से समझता है और हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदृष्टी नेतृत्व में भारत ने डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा और जिम्मेदार एआई को राष्ट्रीय विकास के केंद्र में रखा है।’’

उन्होंने कहा कि एआई स्थानीय मौसम का पूर्वानुमान, कीटों के फैलने की शुरुआती चेतावनी, सटीकता, सिंचाई एवं उर्वर्रकों के बारे में दिशानिर्देश दे सकता है।

भाषा राजेश राजेश निहारिका

निहारिका

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments