scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशअर्थजगतलुलु ग्रुप के चेयरमैन ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात

लुलु ग्रुप के चेयरमैन ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) लुलु ग्रुप के चेयरमैन यूसुफ अली एमए ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच खाड़ी देशों में खाद्य आपूर्ति बनाए रखने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।

लुलु ग्रुप ने बयान में कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर हुई इस बैठक में खाड़ी क्षेत्र में आवश्यक खाद्य वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने के प्रयासों पर चर्चा हुई।

यह क्षेत्र बड़ी संख्या में भारतीयों का निवास स्थान है और यहां भारतीय खाद्य उत्पादों की मांग भी अधिक है।

बयान में कहा गया कि बैठक में आपूर्ति श्रृंखला को सुचारू बनाए रखने और वैश्विक चुनौतियों के बीच कीमतों को स्थिर रखने के महत्व पर भी विचार किया गया।

लुलु ग्रुप के बयान के मुताबिक, यूसुफ अली ने खाड़ी देशों में खाद्य सुरक्षा को बनाए रखने के लिए समूह द्वारा उठाए गए हालिया कदमों की जानकारी दी।

इसमें कहा गया कि प्रधानमंत्री ने इन प्रयासों की सराहना की और खाड़ी देशों तक खाद्य उत्पादों के निर्यात को सुचारू बनाए रखने के लिए भारत सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

लुलु ग्रुप ने बताया कि अब तक भारत से करीब 15,000 टन जल्दी खराब होने वाले और लंबे समय तक चलने वाले खाद्य पदार्थों की आपूर्ति विशेष चार्टर विमानों, मालवाहक जहाजों और नियमित समुद्री मार्गों के जरिये की जा चुकी है। अब तक 34 विशेष उड़ानें संचालित हो चुकी हैं और आगे भी ऐसी उड़ानें जारी रहने की उम्मीद है।

समूह ने कहा कि इस कार्य में उसकी अपनी खरीद और निर्यात व्यवस्था अहम भूमिका निभा रही है, जहां विभिन्न राज्यों में उत्पादन और परिवहन केंद्रों को बढ़ी हुई क्षमता पर चलाया जा रहा है ताकि अंतरराष्ट्रीय मांग को पूरा किया जा सके।

खाड़ी देशों में 280 से अधिक बड़े खुदरा बाजार संचालित करने वाला लुलु ग्रुप इस क्षेत्र में खाद्य वितरण का एक प्रमुख हिस्सा है।

समूह ने कहा कि भारत इन देशों को खाद्य आपूर्ति बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और भारतीय कृषि तथा खाद्य उत्पाद वहां स्थानीय लोगों और प्रवासी भारतीयों दोनों के बीच लोकप्रिय हैं।

भाषा

योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments