नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया का मुनाफा वित्त वर्ष 2024-25 में 45.8 प्रतिशत बढ़कर 2,203.35 करोड़ रुपये रहा है। इस दौरान कंपनी की परिचालन आय 14.1 प्रतिशत बढ़कर 24,366.64 करोड़ रुपये हो गई। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में यह जानकारी दी।
कंपनी को वित्त वर्ष 2023-24 में 1,511.07 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था और इसकी परिचालन आय 21,352 करोड़ रुपये रही थी।
कंपनी के बारे में जानकारी देने वाले मंच टोफ्लर द्वारा प्राप्त वित्तीय आंकड़ों के अनुसार, एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया (एलजीईआई) की अन्य आय सहित वित्त वर्ष 2024-25 में कुल आय 14.25 प्रतिशत बढ़कर 24,630.63 करोड़ रुपये हो गई।
वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी का कर-पूर्व लाभ 45.5 प्रतिशत बढ़ा।
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स एलजीईआई के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) में बिक्री पेशकश (ओएफएस) के माध्यम से 15 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच रही है।
एलजीईआई का विज्ञापन प्रचार व्यय वित्त वर्ष 2024-25 में 7.27 प्रतिशत बढ़कर 1,009.12 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2023-24 में 940.71 करोड़ रुपये था।
वित्त वर्ष 2024-25 में एलजीईआई का कुल कर व्यय 44.42 प्रतिशत बढ़कर 759.76 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले (2023-24) यह 526.05 करोड़ रुपये था।
इसके अलावा लाइसेंस समझौते के तहत एलजीईआई द्वारा अपनी मूल इकाई को भुगतान की गई ‘रॉयल्टी लागत’ वित्त वर्ष 2024-25 में 12.74 प्रतिशत बढ़कर 454.61 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले (2023-24) 403.23 करोड़ रुपये थी।
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
