नयी दिल्ली, 20 नवंबर (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बृहस्पतिवार को छात्रों से सफलता हासिल करने के लिए अपना काम पूरी ईमानदारी और जज्बे के साथ करने को कहा।
उन्होंने कहा, ‘‘अपना कर्म करो, पूरे जुनून के साथ करो और सारे बिंदु खुद-बु-खुद जुड़ जाएंगे।’’
राष्ट्रीय राजधानी के प्रतिष्ठित दिल्ली स्कूल ऑफ इकॉनमिक्स में छात्रों के साथ बातचीत करते हुए मल्होत्रा ने एप्पल के सह-संस्थापक स्टीव जॉब्स के शब्दों का भी उल्लेख किया।
एक छात्र ने जब रिजर्व बैंक गवर्नर बनने के लिए ‘कुछ सुझाव’ मांगे, उस पर उन्होंने कहा कि किसी को केवल परिणामों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं अपने ही संस्थान, आईआईटी कानपुर गया था, तब मुझसे भी यही सवाल पूछा गया था। और इसलिए, मैंने कहा कि यह ऐसी चीज है जिसका आप वास्तव में अनुमान नहीं लगा सकते।’’
मल्होत्रा ने कहा, ‘‘आप अपना कर्म करिये। जैसा कि स्टीव जॉब्स ने कहा था, बिंदु तभी जुड़ते हैं जब आप पीछे मुड़कर देखते हैं…। आगे बढ़ते हुए, परिणामों को मत देखो। अपना कर्म करो, अपना काम करो, जुनून के साथ करो, कड़ी मेहनत से करो, बिंदु जुड़ते चले जाएंगे।’’
उन्होंने वीकेआरवी राव स्मृति व्याख्यान देने के बाद छात्रों से बातचीत में ये बातें कही।
यह दूसरा मौका है जब मल्होत्रा ने छात्रों को संबोधित करते हुए ‘कर्म’ के बारे में बात की।
इससे पहले, उन्होंने 23 जून को आईआईटी कानपुर में छात्रों से कहा था कि उन्हें यथास्थिति पर सवाल उठाना कभी बंद नहीं करना चाहिए और सीखते रहना चाहिए क्योंकि कर्म ही काफी हद तक परिणाम निर्धारित करता है।
आरबीआई गवर्नर ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर से कंप्यूटर विज्ञान और इंजीनियरिंग में स्नातक और अमेरिका के प्रिंसटन विश्वविद्यालय से लोक नीति में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की है।
राजस्थान कैडर के 1990 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी मल्होत्रा ने 11 दिसंबर, 2024 को भारतीय रिजर्व बैंक के 26वें गवर्नर के रूप में पदभार ग्रहण किया था।
आरबीआई गवर्नर बनने से पहले, मल्होत्रा वित्त मंत्रालय में राजस्व विभाग के सचिव थे।
भाषा रमण अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
