scorecardresearch
Saturday, 14 March, 2026
होमदेशअर्थजगतजेएसडब्ल्यू पेंट्स को एक्जो नोबेल इंडिया में बहुलांश हिस्सेदारी लेने की मंजूरी मिली

जेएसडब्ल्यू पेंट्स को एक्जो नोबेल इंडिया में बहुलांश हिस्सेदारी लेने की मंजूरी मिली

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) भारतीय प्रतिस्पर्द्धा आयोग (सीसीआई) ने मंगलवार को जेएसडब्ल्यू पेंट्स को नीदरलैंड की पेंट कंपनी एक्जो नोबेल इंडिया में बहुलांश हिस्सेदारी 12,915 करोड़ रुपये में हासिल करने की मंजूरी दे दी।

सज्जन जिंदल के नेतृत्व वाली जेएसडब्ल्यू पेंट्स ने जून में घोषणा की थी कि वह एक्जो नोबेल इंडिया में 74.76 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए 8,986 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी। इसके बाद सार्वजनिक शेयरधारकों से अतिरिक्त 25 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए खुली पेशकश की जाएगी जिसकी कीमत 3,929.06 करोड़ रुपये तय की गई थी। इस तरह हिस्सेदारी अधिग्रहण का कुल मूल्य 12,915 करोड़ रुपये होगा।

प्रतिस्पर्द्धा आयोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘आयोग एक्जो नोबेल इंडिया में 75 प्रतिशत तक शेयरधारिता का जेएसडब्ल्यू पेंट्स लिमिटेड द्वारा अधिग्रहण किए जाने की मंजूरी देता है।’

जेएसडब्ल्यू पेंट्स 23 अरब डॉलर के आकार वाले जेएसडब्ल्यू ग्रुप का हिस्सा है। यह समूह इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, वाहन एवं पेंट समेत विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय है।

एक्जो नोबेल इंडिया लिमिटेड डच मूल की कंपनी एक्जो नोबेल का हिस्सा है और सजावटी एवं औद्योगिक पेंट के कारोबार में मौजूद है।

इस सौदे के तहत इंडिया पाउडर कोटिंग्स कारोबार और अंतरराष्ट्रीय शोध केंद्र का स्वामित्व एक्जो नोबेल के ही पास रहेगा।

जेएसडब्ल्यू पेंट्स ने अन्य समूह कंपनियों के साथ मिलकर शेष 25.24 प्रतिशत शेयर सार्वजनिक से खरीदने के लिए भी खुली पेशकश रखी है।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments