scorecardresearch
Sunday, 22 March, 2026
होमदेशअर्थजगतजेएसडब्ल्यू एमजी मोटर ईवी विंडसर की बिक्री बढ़ाने के लिए गैर-महानगरों पर ध्यान देना जारी रखेगी

जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर ईवी विंडसर की बिक्री बढ़ाने के लिए गैर-महानगरों पर ध्यान देना जारी रखेगी

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया के सबसे ज़्यादा बिकने वाले इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) मॉडल विंडसर की बिक्री में 70 प्रतिशत योगदान गैर-महानगरों का है। ऐसे में कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है इसी का लाभ उठाकर और जागरूकता बढ़ाकर जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर अपनी बिक्री बढ़ाने का प्रयास कर ही है।

एमजी विंडसर को अक्टूबर, 2024 में पेश किया गया था। तब से अब तक इस मॉडल की कुल बिक्री लगभग 65,000 इकाई रही है। इस मॉडल की कुल बिक्री में से, चार महानगरों- दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई का हिस्सा 30 प्रतिशत रहा है। शेष भारत ने इसमें 70 प्रतिशत का योगदान दिया है।

इस रुख पर जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी विनय रैना ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन की बिक्री शुरू में महानगरों में ही थी, जिसका मुख्य कारण कम जागरूकता और ऐसे उत्पाद की कमी थी जो सच में आम लोगों को पसंद आते ।

उन्होंने दावा किया, ‘‘एमजी विंडसर के आने से यह माहौल बदल गया और यह मॉडल गैर-महानगर शहरों में ईवी की स्वीकार्यता बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है। यह सही समय पर पेश किया गया सही उत्पाद था। इन बाजारों में ग्राहकों को एक टिकाऊ ड्राइविंग का अनुभव दिया गया है, जिससे उन्हें अच्छी-खासी बचत हुई।’’ रैना ने कहा कि ईवी की वृद्धि के नजरिये ‘‘ये गैर-महानगर इलाके एक जबर्दस्त मौका देते हैं, और हमारा मकसद इस सफर में अग्रणी भूमिका निभाना है।’’

कंपनी विंडसर की बिक्री को और बढ़ाने की क्या योजना बना रही है, इस बारे में उन्होंने कहा, ‘‘हमारे मज़बूत नेटवर्क समर्थन से, हम इन इलाकों में लगातार ईवी को लेकर जागरूकता का प्रसार कर रहे हैं और ग्राहकों के साथ अपना संपर्क बढ़ा रहे हैं।’’

जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया के पास कॉमेट और जेडएस ईवी जैसे अन्य इलेक्ट्रिक मॉडल हैं। अक्टूबर, 2024 से फरवरी, 2026 तक कंपनी ने भारत में इलेक्ट्रिक वाहन की कुल एक लाख इकाइयां बेची हैं।

वर्ष 2025 में कंपनी ने परंपरागत इंजन वाली गाड़ियों सहित कुल बिक्री में सालाना आधार पर 19 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की और उसकी बिक्री 70,554 इकाई रही।

इस साल कंपनी चार नए मॉडल लाने की योजना बना रही है, जिसमें एक प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी भी शामिल है।

भाषा अजय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments