बेंगलुरु, 13 फरवरी (भाषा) जेएसडब्ल्यू ग्रुप को कर्नाटक सरकार ने राज्य के वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन में ‘दशक का निवेशक’ पुरस्कार से बृहस्पतिवार को सम्मानित किया।
यह कर्नाटक सरकार द्वारा दिया जाने वाला एक प्रतिष्ठित सम्मान है। कर्नाटक के औद्योगिक विकास में पिछले एक दशक में समूह के परिवर्तनकारी योगदान के लिए यह पुरस्कार जेएसडब्ल्यू सीमेंट और जेएसडब्ल्यू पेंट्स के प्रबंध निदेशक पार्थ जिंदल को प्रदान किया गया।
कंपनी की तरफ से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, जेएसडब्ल्यू समूह ने कर्नाटक के विनिर्माण परिवेश को मजबूत करने, बुनियादी ढांचे के विकास और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उसने राज्य में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया हुआ है।
कंपनी ने कहा कि यह पुरस्कार कर्नाटक के औद्योगिक उत्कृष्टता के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में प्रमुख भूमिका निभाने के लिए जेएसडब्ल्यू की स्थिति को और मजबूत करता है।
भाषा निहारिका प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.