जयपुर, 14 अक्टूबर (भाषा) जिंदल स्टेनलेस ने नमक की ढुलाई में जंग और अधिक रखरखाव की जरूरत की समस्याओं को देखते हुए स्टेनलेस स्टील के ‘टिपर ट्रेलर’ पेश किए हैं।
कंपनी को उम्मीद है कि राजस्थान के सांभर, नावा और कुचामन जैसे नमक उत्पादक क्षेत्रों से इन टिपर ट्रेलर की अच्छी मांग आएगी।
जिंदल स्टेनलेस के प्रबंध निदेशक अभ्युदय जिंदल ने कहा, ‘इनसे नमक ढुलाई को अधिक सुरक्षित, अधिक टिकाऊ और लागत-कुशल बनाने में मदद मिलेगी।’ नए ट्रेलर टिकाऊपन, रखरखाव लागत आदि में पारंपरिक माइल्ड स्टील ट्रेलरों की तुलना में बेहतर हैं।
जिंदल के अनुसार, स्टेनलेस स्टील के ट्रेलर 25 प्रतिशत तक हल्के हैं और 10 साल की अवधि में 25-30 लाख रुपये की अनुमानित लागत बचत प्रदान करते हैं। इन ट्रेलरों की अपेक्षित सेवा अवधि 15 से 20 वर्ष के बीच है।
उन्होंने कहा कि उद्योग के अनुमानों के अनुसार भारत के ट्रेलर ट्रक बाजार में सालाना लगभग 70,000 इकाइयों की मांग है।
भाषा पृथ्वी
नोमान रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
