scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशअर्थजगतजापानी एजेंसी ने कॉफी उत्पादकों के लिए 7.5 करोड़ डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए

जापानी एजेंसी ने कॉफी उत्पादकों के लिए 7.5 करोड़ डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए

Text Size:

नयी दिल्ली, एक अक्टूबर (भाषा) जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जिका) ने समूचे एशिया में कॉफी की आपूर्ति शृंखलाओं को समर्थन देने के लिए ईकॉम एग्रोइंडस्ट्रियल कॉर्प लिमिटेड और उसकी समूह कंपनी ईकॉम एग्रोइंडस्ट्रियल एशिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ 7.5 करोड़ डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

जिका ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

एशियाई विकास बैंक (एडीबी) द्वारा सह-वित्तपोषित यह ऋण जिका का पहला विशेष कार्यशील पूंजी ऋण है। इसका उद्देश्य एशिया की कृषि एवं खाद्य आपूर्ति शृंखलाओं का समर्थन करने के लिए वैश्विक कृषि व्यापार कंपनियों के साथ सहयोग को मजबूत करना है।

जिका ने बयान में कहा कि यह वित्तपोषण भारत, इंडोनेशिया, पापुआ न्यू गिनी और वियतनाम के 60,000 से अधिक छोटे किसानों से कॉफी की स्थिर खरीद का समर्थन करेगा।

इस परियोजना में खरीद निधि और कॉफी प्रमाणन सहायता, जलवायु परिवर्तन अनुकूलन प्रायोगिक परियोजनाएं और महिला किसानों के लिए कृषि सहायता जैसी परामर्श सेवाएं शामिल हैं।

भारत के कॉफी उद्योग की वर्ष 2022 में वैश्विक उत्पादन में तीन प्रतिशत हिस्सेदारी थी और यह दुनिया भर में आठवें स्थान पर था। यह उद्योग 20 लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोज़गार प्रदान करता है।

भारत में लगभग 98 प्रतिशत कॉफ़ी किसान छोटे पैमाने के उत्पादक हैं जो खेती के लिए सीमित भूमि और अस्थिर कॉफ़ी आय पर निर्भर हैं।

जिका के निजी क्षेत्र भागीदारी और वित्त विभाग के महानिदेशक ताकेहिरो यासुई ने कहा, ‘‘हमें ईकॉम समूह के साथ अपना पहला विशेष कार्यशील पूंजी ऋण शुरू करने पर गर्व है। अब से हम इस तरह की आपूर्ति शृंखला व्यवसाय का समर्थन करने के लिए अपनी वित्तपोषण योजना का विस्तार करेंगे।’’

भाषा राजेश राजेश प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments