scorecardresearch
Wednesday, 4 February, 2026
होमदेशअर्थजगतआईटी शेयरों में भारी गिरावट, इन्फोसिस सात प्रतिशत टूटा

आईटी शेयरों में भारी गिरावट, इन्फोसिस सात प्रतिशत टूटा

Text Size:

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) अमेरिकी बाजारों में प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली के अनुरूप बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में तेज गिरावट देखी गई। इस दौरान इन्फोसिस का शेयर सात प्रतिशत से अधिक लुढ़क जाने से पूरे क्षेत्र पर दबाव बना।

बीएसई पर दिग्गज आईटी सेवा प्रदाता इन्फोसिस का शेयर 7.19 प्रतिशत तक गिर गया। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में 6.95 प्रतिशत, एलटीआईमाइंडट्री में 5.51 प्रतिशत और हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज में 4.98 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

इसके अलावा, पर्सिस्टेंट सिस्टम्स में 4.69 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 4.22 प्रतिशत, टेक महिंद्रा में 4.12 प्रतिशत और विप्रो में 3.73 प्रतिशत की गिरावट रही।

इन प्रमुख आईटी कंपनियों के शेयरों में आई इस बड़ी गिरावट से इन कंपनियों का संयुक्त बाजार पूंजीकरण करीब 1.66 लाख करोड़ रुपये घट गया।

बीएसई का आईटी सूचकांक 5.49 प्रतिशत गिरकर 35,109.51 अंक पर बंद हुआ।

ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, “एआई स्टार्टअप एंथ्रोपिक की तरफ से समूची कार्यप्रणाली को स्वचालित करने वाला टूल पेश किए जाने से यह चिंता बढ़ी कि कृत्रिम मेधा (एआई) में तीव्र प्रगति पारंपरिक सॉफ्टवेयर कारोबारी मॉडल को प्रभावित कर सकती है।”

अमेरिकी बाजार में मंगलवार को नैस्डैक कंपोजिट सूचकांक 1.43 प्रतिशत टूट गया था।

आईटी शेयरों की कमजोरी घरेलू बाजार के लिए दबावकारी साबित हुई और बीएसई सेंसेक्स 78.56 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 83,817.69 पर बंद हुआ।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments