नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) अंतरराष्ट्रीय सड़क महासंघ (आईआरएफ) ने सोमवार को प्रमुख राजमार्ग परियोजनाओं पर क्यूआर कोड लगाने की हालिया घोषणा का स्वागत किया और इसे पारदर्शिता की दिशा में एक नई और साहसिक पहल बताया।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सड़कों की गुणवत्ता में सुधार के लिए उनके किनारे क्यूआर कोड लगाने की पहल की है।
आईआरएफ एक वैश्विक सड़क सुरक्षा निकाय है, जो दुनिया भर में बेहतर और सुरक्षित सड़कों के लिए काम करता है।
आईआरएफ के मानद अध्यक्ष के के कपिला ने कहा कि भारतीय सड़कों की गुणवत्ता और निगरानी में सुधार के लिए क्यूआर कोड लागू करने की यह साहसिक, नई और दूरदर्शी पहल है। उन्होंने इसे अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रौद्योगिकी संचालित बुनियादी ढांचा प्रबंधन प्रणाली बनाने की दिशा में मील का पत्थर बताया।
कपिला ने कहा, ”सड़क निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव की वास्तविक समय पर निगरानी को सक्षम करके, यह पहल भारत के सड़क नेटवर्क के स्थायित्व, सुरक्षा और दीर्घकालिक स्थिरता को सुनिश्चित करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”
गडकरी ने हाल में कहा था कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा करने वाले जल्द ही संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों के नाम, पते और मोबाइल नंबर सहित आवश्यक विवरण प्राप्त कर सकेंगे।
इसके तहत एनएचएआई यात्रियों को प्रासंगिक जानकारी और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर बताने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों पर त्वरित प्रतिक्रिया (क्यूआर) कोड वाले साइनबोर्ड लगाएगा।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
