scorecardresearch
Wednesday, 10 June, 2026
होमदेशअर्थजगतउद्योग मंडलों ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी, व्यापक आर्थिक सुधारों के लिए सराहा

उद्योग मंडलों ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी, व्यापक आर्थिक सुधारों के लिए सराहा

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) उद्योग जगत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने पर बधाई देते हुए बुधवार को कहा कि उनके नेतृत्व में भारत एक प्रभावशाली वैश्विक आवाज के रूप में उभरा है और व्यापक सुधारों के जरिए समावेशी आर्थिक विकास को बढ़ावा मिला है।

उद्योग संगठनों ने ‘कारोबारी सुगमता’ बढ़ाने वाले सुधारों पर मोदी सरकार के जोर देने की सराहना करते हुए कहा कि इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और उद्योग जगत वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने में सरकार के साथ खड़ा है।

भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के अध्यक्ष आर मुकुंदन ने कहा, ‘भारत की क्षमताओं में बढ़ता विश्वास उसकी मजबूती, महत्वाकांक्षा और वैश्विक आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में निरंतर प्रगति में झलकता है। विकसित भारत के लक्ष्य की तरफ बढ़ने के साथ उद्योग निवेश बढ़ाने, प्रतिस्पर्धा मजबूत करने और रोजगार सृजन के लिए सरकार के साथ मिलकर काम करता रहेगा।’

उद्योग मंडल फिक्की के अध्यक्ष अनंत गोयनका ने प्रधानमंत्री मोदी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा, ‘पिछले 12 वर्षों में भारत की आर्थिक बुनियाद मजबूत हुई है। बड़े सुधार, कारोबारी सुगमता में वृद्धि, बुनियादी ढांचे में रिकॉर्ड निवेश, व्यापार साझेदारियों का विस्तार और वैश्विक प्रतिस्पर्धी विनिर्माण परिवेश के विकास ने अर्थव्यवस्था की दिशा बदल दी है।’

एसोचैम के अध्यक्ष निर्मल के. मिंडा ने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में एक ‘उज्ज्वल केंद्र’ के रूप में उभरा है। इस दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था के बुनियादी पहलू दुनिया की अन्य प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं से कहीं बेहतर साबित हुए हैं।’

उन्होंने कहा कि देश का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 2013-14 के 1.9 लाख करोड़ डॉलर से बढ़कर 2025-26 में 4.1 लाख करोड़ डॉलर हो गया है, जबकि वृद्धि दर 6.4 प्रतिशत से बढ़कर 7.7 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर बने रहने का नया कीर्तिमान बनाया।

मोदी ने 26 मई, 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद संभाला था और 2019 में दोबारा निर्वाचित हुए थे। उनका तीसरा कार्यकाल नौ जून, 2024 को शुरू हुआ था।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments