scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशअर्थजगतदेश का निर्यात फरवरी में 0.81 प्रतिशत घटकर 36.61 अरब डॉलर

देश का निर्यात फरवरी में 0.81 प्रतिशत घटकर 36.61 अरब डॉलर

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) देश का वस्तु निर्यात फरवरी में 0.81 प्रतिशत घटकर 36.61 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया है। सोमवार को जारी सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

आयात फरवरी में 24.11 प्रतिशत बढ़कर 63.71 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया जबकि फरवरी, 2025 में यह 51.33 अरब डॉलर था।

समीक्षाधीन महीने में व्यापार घाटा 27.1 अरब डॉलर रहा।

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने व्यापार आंकड़ों पर मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि चुनौतियों के बावजूद देश का निर्यात अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।

उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-फरवरी अवधि में देश का निर्यात 1.84 प्रतिशत बढ़कर 402.93 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। इसी अवधि में आयात भी 8.53 प्रतिशत बढ़कर 713.53 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

अग्रवाल ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण उत्पन्न लॉजिस्टिक चुनौतियों की वजह से मार्च में निर्यात में गिरावट देखने को मिल सकता है।

यह संकट 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू होने के बाद उत्पन्न हुआ है जिससे होर्मुज जलडमरूमध्य सहित प्रमुख व्यापार मार्गों में व्यापक व्यवधान आया है।

भाषा निहारिका अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments