scorecardresearch
Saturday, 7 February, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौता वैश्विक निवेशकों के भरोसे का प्रतीक: उद्योग जगत

भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौता वैश्विक निवेशकों के भरोसे का प्रतीक: उद्योग जगत

Text Size:

नयी दिल्ली, सात फरवरी (भाषा) भारतीय उद्योग जगत ने शनिवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते का ढांचा वैश्विक निवेशकों के भरोसे का प्रतीक है और प्रतिस्पर्धात्मकता, प्रौद्योगिकी तक पहुंच तथा आपूर्ति श्रृंखला के लचीलेपन को बढ़ावा देता है।

भारत और अमेरिका ने शनिवार को घोषणा की कि वे एक अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे पर सहमत हो गए हैं, जिसके तहत दोनों पक्ष द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई वस्तुओं पर आयात शुल्क कम करेंगे।

फिक्की के अध्यक्ष अनंत गोयनका ने कहा कि यह दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच आर्थिक तालमेल को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा, ”यह रणनीतिक साझेदारी शुल्क को कम करने, नियामक बाधाओं को दूर करने और विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसरों को खोलने के लिए बनाई गई है। जैसे-जैसे भारत एक वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है, यह समझौता प्रतिस्पर्धात्मकता, प्रौद्योगिकी तक पहुंच और आपूर्ति श्रृंखला के लचीलेपन को समय पर बढ़ावा देगा।”

उद्योग निकाय सीआईआई (सीआईआई) के अध्यक्ष राजीव मेमानी ने कहा, ”सीआईआई भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार ढांचे का एक व्यापक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की दिशा में एक समय पर उठाए गए कदम के रूप में स्वागत करता है। यह बढ़ते विश्वास, नीतिगत तालमेल और खुले, अनुमानित तथा नियम-आधारित व्यापार के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह समझौता वैश्विक उद्योग और निवेशकों को विश्वास का एक मजबूत संकेत देता है।”

जेके पेपर के सीएमडी और जेके ऑर्गनाइजेशन के निदेशक हर्ष पति सिंघानिया ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के लिए भारत सरकार को बधाई दी। उन्होंने कहा, ”यह समझौता प्रौद्योगिकी सहयोग को आगे बढ़ाएगा, उच्च गुणवत्ता वाले विनिर्माण को मजबूत करेगा और स्थायी औद्योगिक वृद्धि का समर्थन करेगा।”

भाषा पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments