scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत 2032 तक दुनिया का छठा सबसे बड़ा बीमा बाजार होगा : रिपोर्ट

भारत 2032 तक दुनिया का छठा सबसे बड़ा बीमा बाजार होगा : रिपोर्ट

Text Size:

नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) भारत अगले 10 साल में दुनिया का छठा सबसे बड़ा बीमा बाजार बन जाएगा। एक रिपोर्ट में यह अनुमान लगाया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, इस वृद्धि को नियामकीय पहल और तेज आर्थिक वृद्धि से समर्थन मिलेगा।

स्विट्जरलैंड स्थित प्रमुख पुनर्बीमा कंपनी स्विस रे ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि भारत में कुल बीमा प्रीमियम अगले दशक में मौजूदा मूल्य पर स्थानीय मुद्रा में औसतन 14 प्रतिशत सालाना की दर से बढ़ेगा। 2032 तक कुल प्रीमियम मात्रा के मामले में भारत छठा सबसे बड़ा बीमा बाजार बन जाएगा। 2021 में यह 10वें स्थान पर था।

रिपोर्ट में भारतीय जीवन बीमा उद्योग के संबंध में कहा गया है कि यह इस साल 6.6 प्रतिशत (वास्तविक रूप में) की असाधारण दर से बढ़ेगा और 2023 में 7.1 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ेगा।

इसमें कहा गया है कि अनुमानित वृद्धि दर को ध्यान में रखते हुए भारत में जीवन बीमा प्रीमियम 2022 में पहली बार 100 अरब डॉलर को पार करने के लिए तैयार है।

रिपोर्ट में साधारण बीमा बाजार के संबंध में कहा गया है कि यह वर्ष 2020 में मामूली गिरावट के बाद 2021 में 5.8 प्रतिशत की वृद्धि पर लौट आया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल ऊंची मुद्रास्फीति की वजह से वृद्धि थोड़ी सुस्त पड़कर 4.5 प्रतिशत रह जाएगी। हालांकि, इस क्षेत्र के 2023 और 2032 के बीच आठ प्रतिशत की सालाना की दर से बढ़ने की उम्मीद है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था मुद्रास्फीति की वजह से मंदी के कगार पर है।

स्विस रे को उम्मीद है कि इस साल भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था रहेगा।

भाषा रिया अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments