scorecardresearch
Sunday, 8 March, 2026
होमदेशअर्थजगतअगले दशक में भारत में दो लाख करोड़ डॉलर का अतिरिक्त बाजार मूल्य जुड़ेगाः एक्सेल साझेदार

अगले दशक में भारत में दो लाख करोड़ डॉलर का अतिरिक्त बाजार मूल्य जुड़ेगाः एक्सेल साझेदार

Text Size:

नयी दिल्ली, 18 फरवरी (भाषा) वैश्विक उद्यम पूंजी फर्म एक्सेल ने बुधवार को कहा कि प्रौद्योगिकी के जरिये भारत अगले दशक में करीब दो लाख करोड़ डॉलर की अतिरिक्त बाजार पूंजी जुटा सकता है, जिससे देश में कई बड़ी कंपनियां उभरकर सामने आएंगी और आर्थिक परिदृश्य काफी बदल जाएगा।

एक्सेल में साझेदार प्रयांक स्वरूप ने यहां आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन’ में कहा, “भारत अगले 10 वर्षों में प्रौद्योगिकी के माध्यम से दो लाख करोड़ डॉलर का बाजार मूल्य बढ़ाने जा रहा है।”

फिलहाल देश के कुल बाजार पूंजीकरण में प्रौद्योगिकी कंपनियों की हिस्सेदारी महज चार-पांच प्रतिशत है, जिसे उन्होंने अगले दशक में बढ़कर 15-20 प्रतिशत हो जाने का अनुमान जताया।

स्वरूप ने कहा, “इसका मतलब है कि भारत में 100 अरब डॉलर मूल्यांकन वाली कई कंपनियां बनेंगी। यह एक बड़ी छलांग होगी।”

उन्होंने कहा कि भारत में यह अवसर भारतीयों के लिए और दुनिया के लिए उपलब्ध है।

स्वरूप ने कृत्रिम मेधा (एआई) की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में प्रौद्योगिकी की प्रगति की रफ्तार और तेज होगी। उन्होंने स्टार्टअप संस्थापकों से ‘भारत के लिए निर्माण’ पर ध्यान देने और किफायती समाधान विकसित करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि एआई स्वास्थ्य, शिक्षा और वित्तीय परामर्श जैसी सेवाओं की लागत में बड़ी कटौती ला सकता है। उन्होंने कहा, “कल्पना कीजिए कि 100 रुपये प्रति माह के शुल्क में आपको शिक्षक, चिकित्सक, वित्तीय योजनाकार, बैंकर या मानसिक स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध हो जाएं।”

उन्होंने कहा कि भारत में बड़ी उपभोक्ता आबादी इन प्रौद्योगिकी समाधान के लिए तैयार है।

वर्ष 1983 में स्थापित एक्सेल का मुख्यालय कैलिफोर्निया में है और यह कंपनी क्लाउड, सॉफ्टवेयर सेवा प्रदाता, वित्तीय प्रौद्योगिकी और एआई जैसे क्षेत्रों में शुरुआती और वृद्धि चरण में निवेश करती है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments