नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) भारत ने बृहस्पतिवार को विश्व बैंक के अध्यक्ष पद के लिए भारतीय-अमेरिकी अजय बंगा के नामांकन को अपना समर्थन दिया। भारत ने कहा कि उनका नामांकन ऐसे समय में हुआ है, जब संस्था अगली पीढ़ी के सुधारों पर विचार कर रही है।
वित्त मंत्रालय ने ट्वीट किया, “विश्व बैंक के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पर अजय बंगा को बधाई। भारत अजय बंगा के नामांकन का समर्थन करता है और विश्व बैंक में उनके नेतृत्व के लिए उत्साहित है।”
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने पिछले महीने घोणणा की थी कि अमेरिका विश्व बैंक के अध्यक्ष पद के लिए अजय बंगा का नामांकन कर रहा है। उनका कहना था कि भारतीय-अमेरिकी अर्थशास्त्री में इतिहास के इस नाजुक वक्त में दुनिया की अगुआई करने की सभी विशेषताएं हैं।
विश्व बैंक के निदेशक मंडल की मंजूरी मिलते ही बंगा दुनिया की दो शीर्ष वित्तीय संस्थाओं के प्रमुख बनने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी और अमेरिकी-सिख बन जाएंगे। बंगा इससे पहले अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
बंगा (63) इस समय जनरल अटलांटिक के उपाध्यक्ष के तौर पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह मास्टरकार्ड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रह चुके हैं। उन्हें 2016 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
भाषा अनुराग पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
