scorecardresearch
Tuesday, 10 February, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत-रूस के संबंध भरोसे और आपसी सम्मान पर आधारित: महावाणिज्य दूत फेतिसोव

भारत-रूस के संबंध भरोसे और आपसी सम्मान पर आधारित: महावाणिज्य दूत फेतिसोव

Text Size:

नागपुर, सात फरवरी (भाषा) मुंबई में रूसी संघ के महावाणिज्य दूत इवान फेतिसोव ने शनिवार को कहा कि उनका देश रूस के साथ सहयोग करने के इच्छुक किसी भी राष्ट्र के साथ संबंधों के लिए तैयार है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मॉस्को और नयी दिल्ली के बीच भरोसे और आपसी सम्मान पर आधारित अच्छे संबंध हैं।

फेतिसोव नागपुर में ‘एडवांटेज विदर्भ 2026’ के तहत आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार सम्मेलन के इतर ‘पीटीआई वीडियो’ से बात कर रहे थे।

अमेरिका के साथ भारत के बढ़ते संबंधों के बारे में पूछे जाने पर रूसी राजनयिक ने कहा, “हम उन सभी देशों के साथ सहयोग करने के लिए तैयार हैं जो रूस के साथ जुड़ना चाहते हैं। यदि भारत अमेरिका, कजाकिस्तान या ब्राजील के साथ सहयोग करना चाहता है, तो यह पूरी तरह भारत पर निर्भर करता है।”

उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि हमारे बीच वास्तव में भरोसे और आपसी सम्मान पर आधारित अच्छे संबंध हैं, जो आज के दौर में बहुत महत्वपूर्ण है।”

मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में भारत-रूस संबंधों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने पिछले साल सितंबर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात के दौरान दिखे ‘उत्साह’ का जिक्र किया।

उन्होंने कहा, “मैं दोहराता हूं कि भारत के साथ हमारे संबंध मजबूत हैं। हमारे बीच संचार के कई क्षेत्र हैं, लेकिन हमें हर दिन और अधिक प्रयास करने की जरूरत है। हमारे पास और अधिक मजबूत होने के बेहतरीन अवसर हैं।”

भाषा सुमित पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments