scorecardresearch
Sunday, 1 February, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत ने पिछले कुछ वर्ष में आठ मुक्त व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दिया : गोयल

भारत ने पिछले कुछ वर्ष में आठ मुक्त व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दिया : गोयल

Text Size:

(तस्वीर के साथ)

नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत ने पिछले कुछ वर्ष में 37 विकसित देशों के साथ आठ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को अंतिम रूप दिया है।

उन्होंने कहा कि भारत चिली, पेरू और कनाडा सहित कई देशों के साथ इसी तरह के समझौतों के लिए सक्रिय रूप से बातचीत कर रहा है।

गोयल ने कहा कि चिली के साथ व्यापार वार्ता लगभग अंतिम चरण में है जहां भारत के महत्वपूर्ण खनिजों में हित हैं।

मंत्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ नरेन्द्र मोदी सरकार के कार्यकाल में हमने पिछले कुछ वर्षों में 37 विकसित देशों के साथ आठ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं।’’

वर्ष 2014 से अब तक भारत ने आठ व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दिया है।

गोयल ने बताया कि मौजूदा पीटीए (तरजीही प्राप्त व्यापार समझौता) का विस्तार करने के लिए मर्कोसुर देशों के समूह के साथ व्यापार समझौते पर बातचीत शुरू हो गई है।

मर्कोसुर व्यापार समूह के सदस्य अर्जेंटीना, ब्राजील, पैराग्वे और उरुग्वे हैं।

वित्त मंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया क्षेत्र के छह देशों के समूह जीसीसी (खाड़ी सहयोग परिषदने) भी भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए बातचीत शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की है।

उन्होंने बताया कि भारत और एसएसीयू (दक्षिण अफ्रीकी सीमा शुल्क संघ) भी इस बात पर विचार कर रहे हैं कि क्या दोनों पक्ष व्यापार समझौते की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ इसलिए कई संभावित व्यापार समझौते होने की कगार पर हैं। आने वाले वर्ष में हमें निश्चित रूप से और भी कई अच्छी खबरें सुनने को मिलेंगी। भारत एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, एक महत्वपूर्ण वैश्विक खिलाड़ी बनेगा।’’

व्यापार समझौतों के तहत, दो या दो से अधिक राष्ट्र अपने बीच व्यापार की जाने वाली वस्तुओं की अधिकतम संख्या पर आयात शुल्क या तो समाप्त कर देते हैं या कम कर देते हैं। वे सेवाओं में व्यापार को बढ़ावा देने और निवेश आकर्षित करने के लिए नियमों में ढील भी देते हैं।

भाषा निहारिका अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments