scorecardresearch
मंगलवार, 22 अप्रैल, 2025
होमदेशअर्थजगतभारत ने 2024-25 में आठ अप्रैल तक 2.87 लाख टन चीनी का निर्यात किया

भारत ने 2024-25 में आठ अप्रैल तक 2.87 लाख टन चीनी का निर्यात किया

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) व्यापार निकाय एआईएसटीए ने बुधवार को कहा कि भारत ने चालू विपणन वर्ष 2024-25 में आठ अप्रैल तक 2,87,204 टन चीनी का निर्यात किया है। इसमें सबसे ज्यादा 51,596 टन की खेप सोमालिया को भेजी गई है।

चीनी विपणन वर्ष अक्टूबर से सितंबर तक होता है। भारत में विपणन वर्ष 2024-25 के लिए चीनी निर्यात की अनुमति 20 जनवरी, 2025 को दी गई थी। निर्यात के लिए अनुमति के तहत चीनी की कुल मात्रा 10 लाख टन है।

अखिल भारतीय चीनी व्यापार संघ (एआईएसटीए) के अनुसार, चीनी मिलों ने चालू विपणन वर्ष में आठ अप्रैल तक कुल 2,87,204 टन चीनी का निर्यात किया है।

इसने कहा कि लगभग 17,837 टन चीनी की लोडिंग की जा रही है।

अब तक किए गए कुल निर्यात में से, अधिकतम निर्यात खेप 51,596 टन सोमालिया को, उसके बाद 48,864 टन अफगानिस्तान, 46,757 टन श्रीलंका और 30,729 टन लीबिया को भेजी गई है।

भारत ने उक्त अवधि में जिबूती को 27,064 टन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 21,834 टन, तंजानिया को 21,141 टन, बांग्लादेश को 5,589 टन ​​और चीन को 5,427 टन चीनी का निर्यात किया है।

एआईएसटीए ने कहा कि भारत से चीनी निर्यात की गति ‘‘धीमी है, लेकिन एक महीने में इसके बढ़ने की उम्मीद है।’’

इसने कहा, ‘‘कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का असर चीनी की कीमतों पर दिखना चाहिए, क्योंकि एथनॉल परिवहन ईंधन में एक प्रमुख योगदानकर्ता है।’’

दुनिया के प्रमुख चीनी उत्पादक देश भारत से चीनी निर्यात पर वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान ‘अंकुश’ था।

भाषा राजेश

राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments