नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) भारत और अर्जेंटीना ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किये। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
इस समझौते का मुख्य उद्देश्य खनिजों, विशेषकर लिथियम का पता लगाने और संसाधन विकास में एक दूसरे के साथ गहरी साझेदारी बढ़ाना है।
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी और अर्जेंटीना के कैटामार्का के गवर्नर राउल एलेजांद्रो जलील की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। खान मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत और अर्जेंटीना ने खनन क्षेत्र में अपने सहयोग को बढ़ाने पर बातचीत की। खासतौर पर, दोनों देशों ने लिथियम खोज और इस क्षेत्र में निवेश के अवसरों पर चर्चा की।
बयान में कहा गया कि बैठक का एक मुख्य आकर्षण खान मंत्रालय के तहत एक सार्वजनिक उपक्रम मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड (एमईसीएल) और अर्जेंटीना के कैटामार्का की प्रांतीय सरकार के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर करना था, जो महत्वपूर्ण खनिजों पता लगाने और संसाधन विकास में मजबूत सहयोग का मार्ग प्रशस्त करेगा।
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.