scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशअर्थजगतस्वतंत्र निदेशक जिम्मेदारी से काम करें, बिना सबूत कोई आक्षेप न लगाएं: सेबी प्रमुख

स्वतंत्र निदेशक जिम्मेदारी से काम करें, बिना सबूत कोई आक्षेप न लगाएं: सेबी प्रमुख

Text Size:

मुंबई, 23 मार्च (भाषा) एचडीएफसी बैंक के गैर-कार्यकारी चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के अचानक इस्तीफे के कुछ दिन बाद भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने सोमवार को कहा कि स्वतंत्र निदेशकों से अपेक्षा की जाती है कि वे जिम्मेदारी से काम करें और बिना ठोस सबूत के कोई आक्षेप न लगाएं।

यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब चक्रवर्ती ने नैतिकता और मूल्यों से जुड़े मुद्दों का हवाला देते हुए देश के निजी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक एचडीएफसी बैंक के गैर-कार्यकारी चेयरमैन के पद से इस्तीफा दे दिया था।

उनके इस्तीफे के बाद निवेशकों की चिंता बढ़ने से एचडीएफसी बैंक के शेयर में तेज गिरावट भी देखी गई।

पांडेय ने संवाददाताओं से कहा कि स्वतंत्र निदेशकों की जिम्मेदारी अल्पांश शेयरधारकों के हितों की रक्षा करना है और उन्हें जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा, “बिना उचित साक्ष्य और रिकॉर्ड के किसी को भी कोई आक्षेप लगाने की अपेक्षा नहीं की जाती।”

उन्होंने नियमों का हवाला देते हुए कहा कि स्वतंत्र निदेशकों की चिंताओं के समाधान के लिए एक व्यवस्था मौजूद है, जिसमें इन मुद्दों को निदेशक मंडल के समक्ष रखा जाता है और उन्हें आधिकारिक रूप से दर्ज भी किया जाता है।

उन्होंने कहा, “हम चीजों को अस्पष्ट नहीं रख सकते।”

पांडेय ने यह भी कहा कि सेबी इस मामले के सभी पहलुओं की जांच करेगा और सभी तथ्यों को सामने लाने का प्रयास करेगा।

उन्होंने जोर दिया कि स्वतंत्र निदेशक महत्वपूर्ण पद पर होते हैं और उनकी भूमिका बेहद अहम है।

भाषा योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments