scorecardresearch
Thursday, 19 March, 2026
होमदेशअर्थजगतइफको-टोकियो जीआईसी ने दुर्घटना, स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने को भारत टैक्सी के साथ की साझेदारी

इफको-टोकियो जीआईसी ने दुर्घटना, स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने को भारत टैक्सी के साथ की साझेदारी

Text Size:

नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) साधारण बीमा कंपनी इफको-टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी (जीआईसी) लि. ने बृहस्पतिवार को देश के पहले सहकारिता-आधारित टैक्सी सेवा मंच ‘भारत टैक्सी’ के साथ साझेदारी की घोषणा की। इसके तहत कंपनी भारत टैक्सी के चालकों को व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा प्रदान करेगी।

कंपनी ने बयान में कहा कि इस साझेदारी के अंतर्गत पात्र चालकों (सारथी) और उनके परिवार को समूह स्वास्थ्य बीमा भी प्रदान किया जाएगा। इससे चालकों के लिए व्यापक सामाजिक सुरक्षा ढांचा मजबूत होगा।

केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को देश के पहले सहकारिता-आधारित टैक्सी सेवा मंच ‘भारत टैक्सी’ की शुरुआत की। दो महीने के सफल पायलट परीक्षण के बाद शुरू की गई यह टैक्सी सेवा फिलहाल दिल्ली-एनसीआर और गुजरात में शुरू की गई है।

बयान के अनुसार, इस साझेदारी के तहत इफको-टोकियो जीआईसी भारत टैक्सी के लिए मुख्य बीमा भागीदार के रूप में काम करते हुए सारथियों को नामित आधार पर पांच लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा प्रदान करेगी। यह बीमा कवरेज मंच के माध्यम से की गई सक्रिय यात्राओं के दौरान लागू होगा।

इस बीमा कवरेज का मकसद ड्यूटी पर रहते हुए दुर्घटना में मृत्यु और विकलांगता की स्थिति चालकों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना, सड़क सुरक्षा और आय सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

इफको-टोकियो जीआईसी लि. के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ सुब्रत मंडल ने कहा, “भारत टैक्सी के साथ यह साझेदारी कंपनी की भारत के चालक समुदाय के लिए सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम कम लागत पर व्यक्तिगत दुर्घटना और स्वास्थ्य बीमा कवरेज प्रदान करके यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि सारथी ड्राइवर सड़क पर रहते हुए आर्थिक रूप से सुरक्षित रहें और उनके परिवार को स्वास्थ्य सेवा सहायता प्राप्त हो सके।’’

बयान के अनुसार, भारत टैक्सी मंच पर टैक्सी सेवा की सदस्यता लेने और संचालित करने वाले सभी चालक इस व्यवस्था के अंतर्गत कवर किए जाएंगे।

इफको-टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी, सहकारी उर्वरक संस्थान इफको और जापान की बीमा कंपनी टोकियो मरीन ग्रुप की संयुक्त उद्यम है।

भाषा

रमण अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments