कोलकाता, दो अक्टूबर (भाषा) आईएफबी एग्रो इंडस्ट्रीज लि. ने कहा कि उसने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी का स्वैच्छिक परिसमापन पूरा कर लिया है। इसके साथ वह इस अंतरराष्ट्रीय उद्यम से अलग हो गई है।
कंपनी ने बुधवार को कहा कि इस परिसमापन में आईएफबी एग्रो मरीन (एफजेडई) और दुबई स्थित उसके प्रतिनिधि कार्यालय को बंद करना शामिल है।
इस अनुषंगी कंपनी का गठन 20 अप्रैल, 2017 को शारजाह एयरपोर्ट इंटरनेशनल फ्री जोन अथॉरिटी में किया गया था। यह मुख्य रूप से समुद्री खाद्य उत्पादों के कारोबार में लगी हुई थी।
आईएफबी एग्रो इंडस्ट्रीज ने कहा कि यूएई स्थित इकाई का परिचालन खर्चीला होने और लाभ के लिहाज से फायदेमंद नहीं रह जाने से इसके बंद होने से उसके प्रदर्शन पर पड़ने वाला दबाव कम हो गया है।
कंपनी ने यह भी कहा कि इकाई के परिसमापन का निर्णय उसके अंतरराष्ट्रीय परिचालन की समीक्षा का हिस्सा था।
भाषा रमण प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
