नयी दिल्ली, 11 नवंबर (भाषा) डिजिटल धोखाधड़ी बढ़ने के बीच सेल्सफोर्स साउथ एशिया की अध्यक्ष और सीईओ अरुंधति भट्टाचार्य ने लोगों से हर समय सतर्क रहने का आग्रह किया है।
एक अनुभवी बैंकर रह चुकीं भट्टाचार्य ने कहा कि अगर कोई असामान्य मांग करे तो सतर्क रहना चाहिए और शक जरूर करना चाहिए।
डिजिटल धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए उनकी टिप्पणी महत्वपूर्ण हैं। ऐसे मामलों में अक्सर अनजान उपयोगकर्ताओं को ऑनलाइन या फोन के जरिये लालच दिया जाता है और उन्नत एआई टूल, गलत लिंक और नकली प्रोफाइल की मदद से धोखा दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि ग्राहक कभी-कभी इस धोखाधड़ी की श्रृंखला में सबसे कमजोर कड़ी बन जाते हैं, क्योंकि वे अकेले होते हैं और नयी कार्यप्रणाली से अनजान होते हैं। उन्होंने साइबर सुरक्षा और डिजिटल धोखाधड़ी के मुद्दे पर ग्राहकों की जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
भट्टाचार्य ने सेल्सफोर्स कॉन्फ्रेंस के दौरान पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘आपको (ग्राहक को) हमेशा शक करना चाहिए… दोबारा जांच करने में कोई बुराई नहीं है। आप कॉल बंद कर सकते हैं और यह पता लगा सकते हैं कि कॉल कहां से आई है… हमें यह समझने की जरूरत है कि आज के जमाने में भोलापन काम नहीं आएगा।’’
उन्होंने कहा कि एआई ने घोटालेबाजों और अपराधियों के लिए डिजिटल धोखाधड़ी करना आसान बना दिया है और इस बारे में जागरुकता बढ़ाने की जरूरत है।
भाषा अजय पाण्डेय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
