मुंबई, 20 अगस्त (भाषा) आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने शनिवार को कहा कि जीवन और उद्योग में प्रौद्योगिकी का उपयोग बढ़ रहा है और उससे भी कहीं अधिक तेजी से मानवीय रचनात्मकता बढ़ रही है।
बिड़ला ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे में दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हम हाइटेक और हाइटच दुनिया में प्रवेश कर रहे हैं। जीवन और उद्योग में प्रौद्योगिकी का उपयोग बढ़ रहा है और उससे भी कहीं अधिक तेजी से मानवीय रचनात्मकता बढ़ रही है। मेरा तर्क है कि मानवीय स्पर्श और समानुभूति का सीधा संबंध प्रौद्योगिकी की वृद्धि से है।’’
बिड़ला ने कहा कि आने वाले दशक में प्रौद्योगिकी जानकारों, उद्योगपतियों, राजनेताओं और नागरिकों को आस्तित्व के कुछ सवालों से समान रूप से जूझना होगा। उन्होंने कहा कि इंसानियत के समक्ष जो सबसे बड़ी चुनौतियां हैं उनका समाधान प्रौद्योगिकी और मानवीय सरलता ही निकाल सकते हैं।
उन्होंने छात्रों से इस दुनिया में अपना मुकाम बनाने के लिए आगे आने का अनुरोध करते हुए कहा कि उन्होंने लोगों और मशीनों के बीच उद्देश्य का सामंजस्य बिठाते हुए काम करना होगा।
भाषा मानसी प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.