scorecardresearch
Saturday, 28 February, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत में कारोबार बढ़ाने के लिए होंडा का प्रीमियम उत्पादों पर जोर, हर साल एक नया मॉडल उतारेगी

भारत में कारोबार बढ़ाने के लिए होंडा का प्रीमियम उत्पादों पर जोर, हर साल एक नया मॉडल उतारेगी

Text Size:

नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) जापान की वाहन कंपनी होंडा भारत में कारोबार बढ़ाने के लिए प्रीमियम उत्पादों पर ध्यान देने के साथ देश में हर साल कम से कम एक नया मॉडल पेश करने की योजना बना रही है।

कंपनी ने बृहस्पतिवार को अपनी मध्यम आकार की सेडान – सिटी का नया संस्करण पेश किया। उसकी योजना ऐसे उत्पादों पर ध्यान देने की है, जो पेट्रोल और हाइब्रिड पावरट्रेन से चलते हों और जिनकी कीमत 10 लाख रुपये से अधिक हो।

कंपनी देश में डीजल मॉडल को खत्म करने की योजना बना रही है।

होंडा कार्स इंडिया के अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ताकुया त्सुमुरा ने कहा कि कंपनी अगले कुछ साल में 10 लाख रुपये और उससे ज्यादा कीमत वाले खंड पर ध्यान देगी।

उन्होंने कहा, ‘‘यात्री वाहन खंड में 40 प्रतिशत से अधिक बिक्री 10 लाख रुपये से अधिक कीमत वाली गाड़ियों की हो रही है। हमें इसमें और बढ़ोतरी की उम्मीद है। हमारा ध्यान 10 लाख रुपये से अधिक के मॉडल पेश करने पर होगा।’’

कंपनी देश में प्रीमियम उत्पादों पर ध्यान केंद्रित करने की अपनी रणनीति के तहत आयातित मॉडल पेश करने की योजना भी बना रही है।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments