शिमला, 10 अक्टूबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार सोलन जिले के वाकनाघाट में 650 बीघा क्षेत्र में एक ‘साइबर सिटी’ स्थापित करने की योजना बना रही है। इस साइबर सिटी से डेटा भंडारण, कृत्रिम मेधा (एआई) और अन्य सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) आधारित उद्यम संचालित हो सकेंगे।
एक बयान के अनुसार डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं संचालन विभाग की एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए सुक्खू ने अधिकारियों को परियोजना के लिए जल्द से जल्द विस्तृत खाका तैयार करने का निर्देश दिया।
आईटी क्षेत्र को प्राथमिकता वाला क्षेत्र बताते हुए सुक्खू ने कहा कि सरकार प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने तथा राज्य भर में आईटी उद्योग में निवेश आकर्षित करने के लिए ठोस कदम उठा रही है।
सुक्खू ने वाकनाघाट में बन रहे उत्कृष्टता केंद्र की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को तेज किया जाए और केंद्र में एक एआई (एआई) लैब भी स्थापित की जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि कि कांगड़ा के चैतड़ू और शिमला के मेहली में बन रहे आईटी पार्क का निर्माण कार्य दिसंबर 2025 तक पूरा कर लिया जाए।
भाषा योगेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.