चंडीगढ़, नौ नवंबर (भाषा) हरियाणा सरकार किसानों को बागवानी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के लिए नए प्रावधान ला रही है।
बागवानी विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस पहल के तहत किसानों को फलों, सब्जियों, फूलों और मसालों की खेती के लिए प्रेरित किया जाएगा।
योजना के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए प्रवक्ता ने कहा कि इसमें नए फलों के बागान की स्थापना, एकीकृत मॉडल के माध्यम से सब्जियों की खेती, फलों की फसलें, मसाले और सुगंधित पौधे उगाने जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि किसानों को निम्नानुसार सब्सिडी प्रदान की जाएगी, नए फल बाग़ लगाने पर प्रति एकड़ 24,500 रुपये से 1,40,000 रुपये तक, एकीकृत मॉडल के अंतर्गत सब्जी की खेती पर प्रति एकड़ 15,000 रुपये, अनुसूचित जाति के किसानों के लिए प्रति एकड़ 25,500 रुपये, मसाला फसलों की खेती पर प्रति एकड़ 15,000 रुपये से 30,000 रुपये तक, फूलों की खेती पर प्रति एकड़ 8,000 रुपये से 40,000 रुपये तक और सुगंधित पौधों की खेती पर प्रति एकड़ 8,000 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘सब्सिडी राशि सीधे किसान के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी। सब्सिडी सहायता की अधिकतम सीमा पांच एकड़ तक है।’’
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
