बेंगलुरु, चार सितंबर (भाषा) हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड और एलएंडटी के गठजोड़ को न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) से पांच पीएसएलवी रॉकेट बनाने के लिए 860 करोड़ रुपये का अनुबंध मिला है।
एनएसआईएल अंतरिक्ष विभाग (डीओएस) और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की वाणिज्यिक शाखा के तहत काम करने वाला एक केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र का उद्यम है।
सूत्रों ने पीटीआई-भाषा को बताया कि न्यूस्पेस इंडिया से यह अनुबंध पांच पीएसएलवी रॉकेटों के निर्माण के लिए मिला है। यह रॉकेट भारत का बहुमुखी प्रक्षेपण यान है।
तीन बोलियों के तकनीकी-व्यावसायिक मूल्यांकन के बाद, एचएएल-एलएंडटी गठजोड़ पीएसएलवी के संपूर्ण उत्पादन के लिए तकनीकी रूप से योग्य और एल1 बोलीदाता के रूप में उभरा है।
एनएसआईएल के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने अब उत्पादन के लिए उद्योग के साथ सेवा स्तर के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दो साल से भी कम समय में हम इस उद्योग गठजोड़ द्वारा पूरी तरह निर्मित पहला रॉकेट इसरो को देने में सक्षम होंगे।’’
भाषा पाण्डेय प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.