नयी दिल्ली, 30 दिसंबर (भाषा) स्वास्थ्य सेवा कंपनी गुजरात किडनी एंड सुपर स्पेशलिटी लिमिटेड का शेयर मंगलवार को बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद अपने निर्गम मूल्य 114 रुपये के मुकाबले आठ प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुआ।
बीएसई पर शेयर ने निर्गम मूल्य से 5.92 प्रतिशत की बढ़त के साथ 120.75 रुपये के भाव पर शुरुआत की। कारोबार के दौरान 123.25 रुपये के उच्च तथा 103 रुपये के निम्न स्तर तक पहुंचा। अंत में 8.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 104.65 रुपये पर बंद हुआ।
एनएसई में शेयर 5.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 120 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। हालांकि इसने बाद में बढ़त खो दी और 8.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 104.54 रुपये पर बंद हुआ।
कंपनी का बाजार मूल्यांकन 825.09 करोड़ रुपये रहा।
गुजरात किडनी एंड सुपर स्पेशलिटी लिमिटेड के आरंभिक सार्वजिनक निर्गम (आईपीओ) को बोली के अंतिम दिन गत बुधवार को 5.21 गुना अभिदान मिला था।
कंपनी ने अपने 251 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 108-114 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया था।
आईपीओ पूर्णत: 2.2 करोड़ शेयर का नया निर्गम है जिसमें कोई बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल नहीं थी।
नए निर्गम से प्राप्त राशि का इस्तेमाल अहमदाबाद स्थित पारेख अस्पताल के प्रस्तावित अधिग्रहण एवं पहले से अधिग्रहित ‘अश्विनी मेडिकल सेंटर’ के लिए खरीद मूल्य के आंशिक भुगतान के लिए किया जाएगा।
भाषा निहारिका रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
