scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशअर्थजगतजीएसटी सुधारों से हल्के वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 30 प्रतिशत के उछाल की उम्मीद: अशोक लेलैंड

जीएसटी सुधारों से हल्के वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 30 प्रतिशत के उछाल की उम्मीद: अशोक लेलैंड

Text Size:

इंदौर (मध्यप्रदेश), 23 सितंबर (भाषा) हिंदुजा समूह की प्रमुख भारतीय कंपनी अशोक लेलैंड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधारों से देश में मौजूदा त्योहारी मौसम के दौरान सितंबर से अक्टूबर के बीच हल्के वाणिज्यिक वाहनों (एलसीवी) की बिक्री में 25 से 30 प्रतिशत के उछाल की उम्मीद है।

कंपनी के प्रमुख (एलसीवी कारोबार) विप्लव शाह ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा,‘‘जीएसटी दरों में कटौती का कदम इस सदी का ऐतिहासिक कर सुधार है। हमें उम्मीद है कि इससे त्योहारी मौसम में सितंबर से अक्टूबर के बीच एलसीवी की बिक्री में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 25 से 30 प्रतिशत की वृद्धि होगी।’’

उन्होंने कहा कि नवरात्रि के जारी उत्सव से लेकर दीपावली तक एलसीवी की बिक्री में तेजी का अनुमान है।

माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में पांच और 18 प्रतिशत की दो स्तरीय व्यवस्था 22 सितंबर से लागू की गई है। इससे दैनिक उपयोग की 99 प्रतिशत वस्तुओं की कीमतें कम हो गई हैं।

शाह ने यह भी कहा कि अशोक लेलैंड मध्य भारत में अपना विस्तार कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल हम सुनिश्चित कर रहे हैं कि हर 50 किलोमीटर पर ग्राहकों की मदद के लिए हमारा एक सर्विस टचपॉइंट उपलब्ध हो। हम अगले एक साल में हर 25 किलोमीटर पर अपने सर्विस टचपॉइंट की व्यवस्था का प्रयास कर रहे हैं।’’

भाषा हर्ष खारी अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments