scorecardresearch
Thursday, 12 March, 2026
होमदेशअर्थजगतजीएसटी कटौती से समावेशी विकास और खपत आधारित अर्थव्यवस्था की नींव रखी गई:हुंदै के एमडी

जीएसटी कटौती से समावेशी विकास और खपत आधारित अर्थव्यवस्था की नींव रखी गई:हुंदै के एमडी

Text Size:

नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) हुंदै मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक उन्सू किम ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार ने आवश्यक वस्तुओं पर कर का बोझ कम करके समावेशी विकास और उपभोग आधारित अर्थव्यवस्था की नींव रखी है।

सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (एसआईएएम) के 65वें वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जीएसटी में बदलाव से वाहन उद्योग को और अधिक ऊर्जा मिलेगी और यह ‘मेक इन इंडिया’ दृष्टिकोण के साथ पूरी तरह मेल खाता है।

जीएसटी सुधारों का स्वागत करते हुए किम ने कहा, ‘‘यह ऐतिहासिक पहल हमारे सामूहिक लक्ष्य ‘विकसित भारत’ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘आवश्यक वस्तुओं पर कर का बोझ कम करके सरकार ने समावेशी विकास और उपभोग आधारित अर्थव्यवस्था की नींव रखी है।’’

किम ने कहा कि जीएसटी में बदलाव से मोटर वाहन क्षेत्र को और अधिक ऊर्जा मिलेगी, जो ‘मेक इन इंडिया’ के दृष्टिकोण साथ पूरी तरह मेल खाता है, जिससे घरेलू विनिर्माण को प्रोत्साहन मिलेगा तथा शहरी और ग्रामीण दोनों बाजारों में मांग बढ़ेगी।

उन्होंने आगामी त्योहारों सीजन में उपभोक्ताओं की खरीदारी बढ़ने की उम्मीद जताई और कहा कि यह स्थिति अल्पकालिक और दीर्घकालिक दोनों स्तरों पर आर्थिक वृद्धि के लिए सकारात्मक रहेगी।

किम ने यह भी बताया कि भारत अब एक नए दौर में है, जहां ग्राहक केवल कीमत पर ध्यान नहीं देते, बल्कि तकनीक, टिकाऊपन और सुरक्षा को ज्यादा महत्व देते हैं।

किम ने कहा, ‘‘भारत न केवल दुनिया का बड़ा वाहन बाजार है, बल्कि नवाचार, श्रेष्ठ उत्पादन और प्रतिभाशाली इंजीनियरों का केंद्र भी बन रहा है।’’

भाषा योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments