scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशअर्थजगतग्रो का शेयर पहले दिन के कारोबार में 31 प्रतिशत चढ़ा

ग्रो का शेयर पहले दिन के कारोबार में 31 प्रतिशत चढ़ा

Text Size:

नयी दिल्ली, 12 नवंबर (भाषा) स्टॉक ब्रोकिंग कंपनी ग्रो की मूल फर्म बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स के शेयर ने बुधवार को शानदार शुरुआत की और यह 100 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले लगभग 31 प्रतिशत बढ़त के साथ बंद हुआ।

बीएसई में शेयर का कारोबार 114 रुपये पर शुरू हुआ, जो निर्गम मूल्य से 14 प्रतिशत अधिक था। बाद में, यह 30.94 प्रतिशत बढ़कर 130.94 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ।

एनएसई में, शेयर 112 रुपये प्रति शेयर पर सूचीबद्ध हुआ। अंत में, यह 28.85 प्रतिशत बढ़कर 128.85 रुपये पर बंद हुआ।

सत्र के दौरान, एनएसई और बीएसई पर कंपनी के शेयर 34.4 प्रतिशत बढ़कर क्रमशः 134.40 रुपये और 134.34 रुपये प्रति शेयर पर पहुंच गए।

कारोबारी सत्र के अंत में, एनएसई में कंपनी का बाजार मूल्यांकन 79,546.79 करोड़ रुपये था।

कारोबार की मात्रा के लिहाज से, एनएसई में 52.38 करोड़ इक्विटी शेयरों का कारोबार हुआ, जबकि बीएसई में दिन के दौरान 6.24 करोड़ शेयरों का आदान-प्रदान हुआ।

शुक्रवार को, बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को शेयर बिक्री के अंतिम दिन 17.60 गुना अभिदान प्राप्त हुआ।

बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स ने तीन नवंबर को एंकर निवेशकों से 2,984 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई थी।

कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए 95-100 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है, जिसका लक्ष्य 61,700 करोड़ रुपये (लगभग 7 अरब डॉलर) से अधिक का मूल्यांकन है।

इस आईपीओ में 1,060 करोड़ रुपये मूल्य के नए इक्विटी शेयर जारी किए गए। साथ ही इसमें 55.72 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी शामिल है।

बेंगलुरु मुख्यालय वाली ग्रो ने मई में गोपनीय प्री-फाइलिंग रूट के माध्यम से आईपीओ के लिए सेबी के पास मसौदा पत्र दाखिल किए और अगस्त में बाजार नियामक से मंजूरी प्राप्त की।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments