scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेशअर्थजगतमालवाहक, यात्री जहाजों के लिए 23 नदी प्रणालियां विकसित करेगी सरकारः सोनोवाल

मालवाहक, यात्री जहाजों के लिए 23 नदी प्रणालियां विकसित करेगी सरकारः सोनोवाल

Text Size:

(अभिषेक सोनकर)

नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा है कि नदियों के जरिये आवाजाही बढ़ाने की मुहिम के तहत सरकार 23 नदी प्रणालियों को मालवाहक और यात्री जहाजों के आवागमन के लिए विकसित करने की कोशिश में लगी है।

सोनोवाल ने पीटीआई-भाषा को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि सरकार का लक्ष्य कम कीमत पर मालवाहक और यात्री जहाजों की आवाजाही बेहतर करने के लिए अंतर्देशीय जलमार्गों का सदुपयोग करना है।

उन्होंने कहा, “हमारे पास अभी तक 111 राष्ट्रीय अंतर्देशीय जलमार्ग हैं, जिनमें से हमने 23 नदी प्रणालियों को परिवहन के लिए उपयुक्त पाया है।”

सोनोवाल ने कहा कि इन नदी प्रणालियों को मालवाहक और यात्री जहाजों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा।

हालांकि उन्होंने इन नदी प्रणालियों के नाम नहीं बताए लेकिन यह जरूर कहा कि सरकार रेल या ट्रक की तुलना में नदियों के जरिये मालवहन बढ़ाने पर ध्यान दे रही है।

उन्होंने बताया कि डिब्रूगढ़ में इस साल के अंत तक मल्टी-मोडल कार्गो टर्मिनल का निर्माण शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा, “इससे ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे विकास होगा जिससे भारी संख्या में रोजगार पैदा होंगे।”

सरकार के ‘अर्थ गंगा’ मॉडल के अंतर्गत यात्री और मालवाहक जहाज संबंधी गतिविधियों के लिए गंगा नदी के लगभग 62 घाटों को विकसित किया जाएगा।

भाषा अनुराग प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments