नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) वाणिज्य मंत्रालय देश में भारी मात्रा में आयात होने वाले 100 उत्पादों की सूची सार्वजनिक करेगा। यह कदम घरेलू उद्योग में क्षमता निर्माण या मौजूदा क्षमताओं को बढ़ाकर आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए उठाया जा रहा है। एक शीर्ष अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह कदम अमेरिका द्वारा भारतीय वस्तुओं पर लगाए गए जवाबी शुल्क और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ‘स्वदेशी’ उत्पादों को बढ़ावा देने के आह्वान के मद्देनजर उठाया गया है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में सचिव सुनील बर्थवाल ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि क्षमता निर्माण या मौजूदा सुविधाओं के बेहतर उपयोग के माध्यम से आयात पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से 100 उत्पादों की पहचान की गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा प्रयास होगा कि हम इन उत्पादों की पहचान करें और उन्हें सार्वजनिक करें ताकि विनिर्माता (वर्तमान और भविष्य दोनों) उन पर गौर कर सकें और ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा दे सकें।’’
बर्थवाल ने कहा कि यह सूची महीने के अंत तक या अक्टूबर में सार्वजनिक कर दी जाएगी।
बर्थवाल ने बताया कि वाणिज्य मंत्रालय ने अपने आरंभिक आकलन में यह पहचान की है कि स्वदेशी या आत्मनिर्भरता के माध्यम से किन उत्पादों को आसानी से प्रतिस्थापित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम रसायन, प्लास्टिक, दवा क्षेत्र आदि जैसे क्षेत्रों के विभिन्न उत्पादों पर विचार कर रहे हैं।’’
सचिव ने बताया कि मंत्रालय सूची जारी करने से पहले विभिन्न सरकारी विभागों के साथ विचार-विमर्श और उद्योग के साथ परामर्श सहित एक विस्तृत प्रक्रिया अपनाएगा।
भाषा रमण अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
