scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेशअर्थजगतसरकार 55 इस्पात ग्रेड पर मानक प्रमाणन के लिए गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों को आसान बनाएगी

सरकार 55 इस्पात ग्रेड पर मानक प्रमाणन के लिए गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों को आसान बनाएगी

Text Size:

नयी दिल्ली, 14 नवंबर (भाषा) इस्पात मंत्रालय 55 इस्पात ग्रेड पर भारतीय मानक ब्यूरो से प्रमाणन आवश्यकता के लिए गुणवत्ता नियंत्रण आदेश (क्यूसीओ) को निलंबित कर सकता है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

आधिकारिक सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एक उच्च स्तरीय समिति की सिफारिशों के बाद मंत्रालय कुल 55 बीआईएस मानकों को निलंबित करने पर विचार कर रहा है, जिनमें से 42 को तीन साल के लिए और 13 को एक वर्ष के लिए निलंबित किया जाएगा।

सूत्रों ने कहा कि निलंबन की घोषणा करने वाली अधिसूचना संभवतः अगले सप्ताह तक जारी की जा सकती है।

उन्होंने यह भी बताया कि मंत्रालय हर साल इस निलंबन आदेश के प्रभाव की समीक्षा करेगा।

एक सूत्र ने कहा, ‘उच्च स्तरीय समिति ने विभिन्न क्यूसीओ को निलंबित करने के संबंध में कई सिफारिशें की हैं। हालांकि, इस्पात मंत्रालय द्वारा इनमें से केवल 55 को ही निलंबित करने की संभावना है।’

इसके अलावा, मंत्रालय 15 अन्य मानकों को आगे विचार के लिए अंतर-मंत्रालय समूह (आईएमजी) के पास भेजेगा ताकि यह तय किया जा सके कि उन्हें भी निलंबित किया जाना चाहिए या नहीं।

इन क्यूसीओ के निलंबन से उद्योगों को गैर-लाइसेंसधारी आपूर्तिकर्ताओं से निर्धारित ग्रेड का इस्पात आयात करने या भारत में विनिर्माण के लिए गैर-बीआईएस-अनुपालन इस्पात खरीदने की सुविधा मिल जाएगी।

भाषा

योगेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments