scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशअर्थजगतसरकार ने टाटा सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग के लिए धोलेरा में विशेष आर्थिक क्षेत्र को दी मंजूरी

सरकार ने टाटा सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग के लिए धोलेरा में विशेष आर्थिक क्षेत्र को दी मंजूरी

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) सरकार ने गुजरात के धोलेरा में टाटा सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड के लिए एक विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) को मंजूरी दी है।

कंपनी ने भारत की पहली चिप विनिर्माण इकाई स्थापित करने के लिए 91,000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है।

इस प्रस्ताव को एसईजेड से संबंधित मामलों के शीर्ष निकाय ‘मंजूरी बोर्ड’ की हरी झंडी मिल गई है, जिसकी अध्यक्षता वाणिज्य सचिव करते हैं।

वाणिज्य मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव अजय भादू ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘ वाणिज्य विभाग ने गुजरात के धोलेरा में इलेक्ट्रॉनिक हार्डवेयर तथा सॉफ्टवेयर (जिसमें आईटी/आईटीईएस शामिल हैं) के लिए विशेष रूप से टाटा सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित किए जाने वाले विशेष आर्थिक क्षेत्र को नौ अप्रैल को अधिसूचित किया है।’’

यह एसईजेड 66.16 हेक्टेयर क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा और इससे 21,000 रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने पिछले वर्ष सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जा क्षेत्र के लिए न्यूनतम सतत भूमि आवश्यकता को 50 हेक्टेयर से घटाकर 10 हेक्टेयर कर दिया है।

अब तक इन क्षेत्रों के लिए पांच नए एसईजेड को मंजूरी दी जा चुकी है। इनमें सीजी सेमी (प्रस्तावित निवेश 2,150 करोड़ रुपये), केन्स सेमिकॉन (681 करोड़ रुपये), माइक्रोन सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी इंडिया (13,000 करोड़ रुपये) और हुबली ड्यूरेबल गुड्स क्लस्टर (100 करोड़ रुपये) शामिल हैं।

भाषा निहारिका अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments