scorecardresearch
Friday, 7 November, 2025
होमदेशअर्थजगतगोल्डमैन शैक्स ने इस साल भारत में 49 कर्मचारियों को प्रबंध निदेशक बनाया

गोल्डमैन शैक्स ने इस साल भारत में 49 कर्मचारियों को प्रबंध निदेशक बनाया

Text Size:

नयी दिल्ली, सात नवंबर (भाषा) वैश्विक वित्तीय संस्था गोल्डमैन शैक्स ने इस वर्ष भारत में 49 कर्मचारियों को प्रबंध निदेशक (एमडी) पद पर पदोन्नत किया है जो अब तक की रिकॉर्ड संख्या है। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

गोल्डमैन शैक्स ने एक बयान में कहा कि यह भारत में उसके बढ़ते निवेश और कारोबारी महत्व को दर्शाता है।

बयान के मुताबिक, कंपनी ने इसके पहले वर्ष 2023 में 35 भारतीय कर्मचारियों को एमडी बनाया था लेकिन इस साल यह संख्या बढ़कर 49 हो गई।

गोल्डमैन शैक्स ने कहा, “भारत में एमडी पद पर पदोन्नत होने वाले कर्मचारियों की यह हमारी अब तक की सबसे बड़ी सूची है। यह भारत में हमारे मजबूत निवेश और अवसरों की पुष्टि करता है।”

कंपनी में एमडी का पद साझेदार के बाद का दूसरा सर्वोच्च प्रबंधन पद है। कंपनी एमडी पद पर पदोन्नति हर दो साल में करती है।

भारत में इस साल मुंबई कार्यालय से छह, बेंगलुरु कार्यालय से 38 और हैदराबाद कार्यालय से पांच कर्मचारियों को एमडी बनाया गया है। बेंगलुरु कार्यालय में न्यूयॉर्क और लंदन के बाद एमडी पद पर सर्वाधिक पदोन्नतियां हुई हैं।

वैश्विक स्तर पर कंपनी ने वर्ष 2025 में कुल 638 कर्मचारियों को एमडी बनाया है, जिनमें 94 भारतीय नागरिक शामिल हैं। यह संख्या 2023 के 80 और 2021 के 71 भारतीयों से अधिक है।

गोल्डमैन शैक्स के लिए भारत दूसरा सबसे बड़ा परिचालन केंद्र है, जहां उसके 8,000 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। कंपनी के दुनिया भर में लगभग 46,000 कर्मचारी हैं।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments