scorecardresearch
Sunday, 15 February, 2026
होमदेशअर्थजगतअमेरिकी मुद्रास्फीति, रोजगार आंकड़ों से सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट जारी रहेगी : विश्लेषक

अमेरिकी मुद्रास्फीति, रोजगार आंकड़ों से सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट जारी रहेगी : विश्लेषक

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) अगले सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि, सर्राफा बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। विशेषज्ञों ने यह बात कही है।

विशेषज्ञों ने कहा कि निवेशक अमेरिकी अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण आंकड़ों जैसे मुद्रास्फीति, सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) और फेडरल रिजर्व की नीतियों पर खास नजर बनाए हुए हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, व्यापारी संभावित ब्याज दरों में कटौती का समय और गति समझने के लिए अमेरिका के श्रम संबंधी आंकड़े, फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के विवरण और फेड के अधिकारियों के बयानों पर नजर रखेंगे।

जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के (ईबीजी, कमोडिटी एंड करेंसी रिसर्च) के उपाध्यक्ष प्रणव मेर ने कहा कि सोने और चांदी की कीमतों में और अधिक मजबूती देखने को मिल सकती है, लेकिन जीडीपी पर आने वाले अमेरिकी आंकड़े और व्यक्तिगत उपभोग व्यय (पीसीई) मुद्रास्फीति संख्या और फेडरल रिजर्व के अधिकारी की टिप्पणी पर ध्यान केंद्रित होने से अस्थिरता बनी रहेगी।

घरेलू बाजार में, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर चांदी का वायदा भाव पिछले सप्ताह 5,532 रुपये यानी 2.2 प्रतिशत गिर गया, जबकि सोने का भाव 444 रुपये यानी 0.3 प्रतिशत बढ़ा।

एंजेल वन के उपाध्यक्ष (अनुसंधान, गैर-कृषि जिंस और मुद्राएं) प्रथमेश माल्या ने कहा, ‘फरवरी 2026 में सोने की कीमतों में गिरावट आई है, 13 फरवरी को कीमतें 1,80,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर से घटकर लगभग 1,53,800 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई हैं।’

उन्होंने कहा कि उम्मीद से अधिक मजबूत अमेरिकी रोजगार आंकड़ों ने निकट अवधि में दरों में कटौती की उम्मीदों को कम कर दिया है, जिससे पिछले सप्ताह सोने की कीमतों पर असर पड़ा है।

भाषा योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments