scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमदेशअर्थजगतफेडरल रिज़र्व के ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद, कमज़ोर डॉलर से सोने का वायदा भाव नए शिखर पर

फेडरल रिज़र्व के ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद, कमज़ोर डॉलर से सोने का वायदा भाव नए शिखर पर

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) मजबूत वैश्विक संकेतों और फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों से सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने के कारण घरेलू वायदा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमत 384 रुपये बढ़कर 1,10,563 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में अक्टूबर डिलिवरी वाले सोने का वायदा भाव 384 रुपये या 0.34 प्रतिशत बढ़कर 1,10,563 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। पिछले सत्र में इस अनुबंध ने 1,10,330 रुपये का उच्च स्तर छुआ था।

इसी तरह, सोने का दिसंबर अनुबंध 418 रुपये या 0.37 प्रतिशत बढ़कर 1,11,655 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया, जबकि पहले यह 1,11,350 रुपये के उच्चस्तर पर था।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज में कीमती धातुओं के शोध विश्लेषक मानव मोदी ने कहा, ‘फेडरल रिजर्व की नीतिगत बैठक से पहले कमजोर डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल के समर्थन से सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गईं, जहां केंद्रीय बैंक द्वारा कर्ज दरों में कटौती की व्यापक उम्मीद है।’’

छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक, 0.34 प्रतिशत घटकर 96.97 रह गया, जिससे सर्राफा कीमतों को और बल मिला।

मोदी ने आगे कहा, ‘बाजार प्रतिभागी इस सप्ताह फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पावेल के बयान और अनुमानों का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें लंबे अंतराल के बाद 0.25 प्रतिशत अंक की ब्याज दरों में कटौती की बात कही गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से फेडरल रिजर्व के चेयरमैन पावेल से बेंचमार्क ब्याज दरों में ‘बड़ी’ कटौती करने का आह्वान किया है।’’

विदेशी बाजारों में, सोने का वायदा भाव रिकॉर्ड 3,736.97 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। पश्चिम एशिया और यूक्रेन में भू-राजनीतिक तनाव ने भी इस गति को बढ़ाया।

अनिश्चितता को और बढ़ाते हुए, एक अमेरिकी अपील अदालत ने राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा फेडरल रिजर्व की गवर्नर लीजा कुक को हटाने के प्रयास को खारिज कर दिया, इस कदम को केंद्रीय बैंक की स्वतंत्रता को चुनौती देने के रूप में देखा गया।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments