नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर (भाषा) गोदावरी पावर एंड इस्पात लिमिटेड (जीपीआईएल) ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिछले महीने दुर्घटना का शिकार हुई रायगढ़ स्थित पेलेट निर्माण इकाई में परिचालन दोबारा शुरू हो गया है।
कंपनी ने बताया कि 26 सितंबर को उसके 18 लाख टन प्रति वर्ष क्षमता वाले इस पेलेट संयंत्र में हुए हादसे के कारण लगभग 1.5 लाख टन उत्पादन का नुकसान हुआ।
हालांकि, कंपनी को भरोसा है कि वह चालू वित्त वर्ष में अपने वार्षिक उत्पादन लक्ष्य को पूरा कर लेगी क्योंकि अब किसी अन्य रखरखाव बंदी की जरूरत नहीं होगी।
कंपनी ने अपने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, “हमारे 18 लाख टन प्रति वर्ष क्षमता वाले लौह अयस्क पेलेट संयंत्र ने 30 अक्टूबर, 2025 को सामान्य परिचालन फिर से शुरू कर दिया है।”
छत्तीसगढ़ के रायपुर में स्थित इस संयंत्र में 26 सितंबर को हुए हादसे में चार अधिकारियों और दो श्रमिकों की मौत हो गई थी जबकि एक महाप्रबंधक समेत छह लोग घायल हुए थे।
गोदावरी पावर एंड इस्पात ने पहले कहा था कि दुर्घटना की गहन जांच के लिए एक आंतरिक समिति का गठन किया गया है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
हालांकि, कंपनी ने अपने ताजा बयान में जांच रिपोर्ट या उसके निष्कर्षों के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.