scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशअर्थजगतफोर्ड चेन्नई संयंत्र में इंजन उत्पादन के लिए 3,250 करोड़ रुपये का निवेश करेगी

फोर्ड चेन्नई संयंत्र में इंजन उत्पादन के लिए 3,250 करोड़ रुपये का निवेश करेगी

Text Size:

चेन्नई, 31 अक्टूबर (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिकी वाहन विनिर्माता फोर्ड मोटर कंपनी का नई पीढ़ी के इंजन के उत्पादन के लिए तमिलनाडु को चुनना राज्य की औद्योगिक क्षमता और वैश्विक विनिर्माण आपूर्ति शृंखला में इसकी अपरिहार्य स्थिति का एक और प्रमाण है।

स्टालिन ने कहा कि फोर्ड द्वारा किया गया प्रमुख निवेश तमिलनाडु की मजबूत वाहन सहयोगी पारिस्थितिकी को और मजबूत करेगा।

इससे पहले, फोर्ड मोटर कंपनी के शीर्ष अधिकारियों ने राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में तमिलनाडु सरकार के साथ दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया। इसमें चेन्नई के पास मराईमलाई नगर में स्थित संयंत्र में अगली पीढ़ी के इंजन बनाने के लिए 3,250 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई गई।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन, उद्योग मंत्री टीआरबी राजा, मुख्य सचिव एन मुरुगनंदम और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी उपस्थित थे।

अमेरिकी वाहन कंपनी ने 2021 में भारत में वाहनों का निर्माण बंद करने और भारतीय बाज़ार से बाहर निकलने की घोषणा की थी। हालांकि पिछले साल, उसने तमिलनाडु सरकार को एक आशय पत्र देकर चेन्नई के अपने संयंत्र का उपयोग करने का इरादा जताया था।

स्टालिन ने कहा, ‘फोर्ड पूरी ताकत के साथ तमिलनाडु लौट रही है। यह एक मजबूत वापसी है जो लंबे समय से चली आ रही भरोसेमंद साझेदारी को पुनर्जीवित करती है। फोर्ड नई पीढ़ी के इंजन बनाने के लिए 3,250 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है।’

मुख्यमंत्री ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में फोर्ड के इस कदम का स्वागत किया।

भाषा योगेश प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments