नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) वित्तीय सेवा सचिव एम नागराजू ने बृहस्पतिवार को सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बैंकों तथा विकास वित्त संस्थानों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में बुनियादी ढांचे के वित्तपोषण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
एक बयान के अनुसार बैठक के दौरान जिन प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की गई उनमें वित्तपोषण की उपलब्धता में अंतर, नगर निगम बॉन्ड जारी करने में बाधाएं, क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण को बढ़ाना तथा चूक और वसूली पर आंकड़ों की बेहतर उपलब्धता शामिल थे।
बैठक में बुनियादी ढांचा क्षेत्र में वित्तपोषण से संबंधित मुद्दों पर विभिन्न सिफारिशें प्रस्तुत की गईं।
वित्त मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है, ‘‘इस बात पर सहमति हुई कि राष्ट्रीय अवसंरचना एवं विकास वित्त पोषण बैंक सभी संबंधित पक्षों से परामर्श करेगा तथा 15 दिनों के भीतर वित्तीय सेवा विभाग को एक रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा।’’
भाषा योगेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
