कोलकाता, 14 नवंबर (भाषा) एक्साइड इंडस्ट्रीज लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध मुनाफा चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में
26 प्रतिशत घटकर 173.64 करोड़ रुपये रहा।
एक्साइड इंडस्ट्रीज ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कंपनी ने एक साल पहले इसी तिमाही में 233.40 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध मुनाफा अर्जित किया था।
तिमाही के दौरान परिचालन से एकीकृत राजस्व 1.9 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 4,364.51 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 4,450.00 करोड़ रुपये था।
सितंबर 2025 को समाप्त छमाही में, एकीकृत शुद्ध मुनाफा 1.3 प्रतिशत घटकर 448.22 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्तवर्ष 2024-25 की पहली छमाही में यह 454.15 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने कहा कि तिमाही में उसका प्रदर्शन जीएसटी व्यवस्था में बदलाव के कारण प्रभावित हुआ, जिसके तहत बैटरियों पर कर की दर 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दी गई, जो 22 सितंबर, 2025 से प्रभावी हुआ।
एक विज्ञप्ति में, एक्साइड इंडस्ट्रीज ने कहा कि जीएसटी 2.0 सुधार एक ‘स्वागत योग्य कदम’ था जिससे खपत बढ़ने की उम्मीद थी, लेकिन इसके कारण चैनल पार्टनर्स ने नए स्टॉक और नई कीमतों की उम्मीद में खरीदारी स्थगित कर दी, जिसके परिणामस्वरूप तिमाही के दौरान मांग कम रही।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
