नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) प्रयोगशाला में तैयार किए गए हीरों के आभूषण बनाने वाली कंपनी ईथेरा ने वित्तपोषण चक्र में ब्लूस्टोन से 25 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इससे कंपनी के खुदरा विस्तार को समर्थन मिलेगा।
बेंगलुरु स्थित इस स्टार्टअप कंपनी की स्थापना 2024 में नितेश जैन और शरद अरोड़ा ने की थी। फिलहाल कंपनी बेंगलुरु तथा दिल्ली में पांच खुदरा स्टोर चला रही है।
कंपनी ने मंगलवार को बयान में कहा कि उसकी आने वाले सप्ताहों में अतिरिक्त स्थानों पर दुकानें खोलने की योजना है।
ईथेरा के सह-संस्थापक अरोड़ा ने बयान में कहा, ‘‘ब्लूस्टोन का रणनीतिक समर्थन हमें अपनी खुदरा मौजूदगी बढ़ाने, आपूर्ति श्रृंखला क्षमताओं को मजबूत करने और आगे के विस्तार के लिए आवश्यक परिचालन ढांचा तैयार करने में मदद करेगा।’’
सह-संस्थापक जैन ने कहा, ‘‘ यह पूंजी हमें अपनी खुदरा पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ उन प्रणालियों में निवेश जारी रखने में सक्षम बनाती है जो हर स्तर पर निरंतरता और भरोसा सुनिश्चित करती हैं।’’
कंपनी ने कहा कि इस वित्तपोषण का मुख्य रूप से भौतिक खुदरा विस्तार, प्रौद्योगिकी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और ब्रांड जागरूकता बढ़ाने में उपयोग किया जाएगा।
ब्लूस्टोन ने पहले भी ईथेरा में निवेश किया था।
भाषा निहारिका अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
