scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत को ड्रग्स से बचाने के लिए डीआरआई, सीमा शुल्क विभाग मिलकर काम करेंगे: सीतारमण

भारत को ड्रग्स से बचाने के लिए डीआरआई, सीमा शुल्क विभाग मिलकर काम करेंगे: सीतारमण

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को विश्वास जताया कि राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) और सीमा शुल्क विभाग के फील्ड अधिकारी भारत को ड्रग्स के खतरे से बचाने के लिए मिलकर काम करेंगे।

वित्त मंत्री ने केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में यह बात कही। इस कार्यक्रम का आयोजन ‘आजादी के अमृत महोत्सव समारोह’ के एक प्रतिष्ठित सप्ताह के तहत किया गया। कार्यक्रम के तहत बुधवार को नशीले पदार्थों को नष्ट करने के लिए विशेष दिन के रूप में चिन्हित किया गया था।

सीतारमण ने कहा कि यह आयोजन सीबीआईसी अधिकारियों की लोगों के लिए प्रतिबद्धता को उजागर करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘कानून प्रवर्तन एजेंसियां ​​यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि एक मिलीग्राम ड्रग्स भी देश में न आने पाए… मुझे विश्वास है कि डीआरआई और सीमा शुल्क विभाग इसके लिए मिलकर काम करेंगे, ताकि हमारा देश ड्रग्स से सुरक्षित रहे।’’

इस मौके पर सीबीआईसी अधिकारियों ने देश भर में 14 स्थानों पर लगभग 42,000 किलोग्राम नशीले पदार्थों को नष्ट किया। इन स्थानों में गुवाहाटी, लखनऊ, मुंबई, मुंद्रा/कांडला, पटना और सिलीगुड़ी शामिल हैं।

भाषा पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments